जागरण टुडे, मथुरा। सिने अभिनेत्री एवं मथुरा की सांसद हेमा मालिनी मंगलवार को ब्रज रज उत्सव पहुंचीं। उन्होंने यहां लगे विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर स्थानीय हस्तशिल्प, हर्बल उत्पाद, पारंपरिक वस्त्रों और ब्रज की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत करने वाले सामान की जानकारी ली।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में धौली प्याऊ रेलवे ग्राउंड पर आयोजित ब्रजरज उत्सव में मंगलवार को सिने अभिनेत्री हेमा मालिनी के पहुंचने पर ब्रज के लोक कलाकारों ने अपनी लोक प्रस्तुति देते हुए परम्परागत वेशभूषा के साथ स्वागत किया। यहाँ हेमा मालिनी ने कलाकारों और शिल्पकारों से उनके बनाए उत्पादों की विशेषताओं के बारे में बातचीत की और उनके प्रयासों की प्रशंसा की।
विभिन्न शहरों से अपने उत्पाद के साथ आए हस्तशिल्पी से बातचीत। सांसद ने कार्यक्रम स्थल पर ब्रज संस्कृति से जुड़े थीम जोन और स्थानीय उत्पादों के प्रदर्शन क्षेत्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र की कला, संस्कृति और पारंपरिक हस्तशिल्प देशभर में अपनी अलग पहचान रखते हैं, इनका संरक्षण और प्रचार आवश्यक है। उनकी उपस्थिति से उत्सव स्थल पर मौजूद कलाकारों और आगंतुकों में उत्साह का माहौल रहा।