उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल ने बुधवार को गोकुल में निर्माणाधीन पर्यटक सुविधा केंद्र (टीएफसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार और ईंटों की गुणवत्ता घटिया देख उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और कार्यदायी संस्था को सुधार के निर्देश दिए।
सीईओ ने तकनीकी दल के साथ साइट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की डिज़ाइन, स्टॉक एंट्री रजिस्टर, विज़िटर रजिस्टर और लैब रिपोर्ट का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर केवल 48 मजदूर काम करते मिले, जबकि रजिस्टर में 80 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज थी। इस पर उन्होंने कार्य की गति बढ़ाने के लिए 150 मजदूरों की तैनाती की जरूरत बताई।
साइट सुपरवाइज़र के संतोषजनक जवाब न देने पर सीईओ ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि बीम और कॉलम निर्माण के दौरान वाइब्रेटर का अधिक प्रयोग किया जाए, साथ ही मौरंग और रेत की गुणवत्ता में सुधार किया जाए। उन्होंने सीमेंट, प्राइमर और अन्य निर्माण सामग्री के खाली पैकेट सुरक्षित रखने का निर्देश दिया।
सीईओ ने अधिशाषी अभियंता प्रशांत गौतम को निर्देश दिया कि साइट सुपरवाइज़र को 20 बिंदुओं की एक चेकलिस्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि निर्माण गुणवत्ता का नियमित मूल्यांकन हो सके। उन्होंने कहा प्रोजेक्ट में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करना आवश्यक है। यह परियोजना गोकुल आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अभियंता प्रशांत गौतम, आर्किटेक्ट मयंक गर्ग, अवर अभियंता सुनील कुमार राजोरिया सहित तकनीकी टीम के सदस्य मौजूद रहे।