Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News: ट्रेन मैनेजर बोले- समस्याएं नहीं निपटीं तो आंदोलन तय, रेल मंत्री को ज्ञापन भेजा

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: November 13, 2025

Bareilly News: ट्रेन मैनेजर बोले- समस्याएं नहीं निपटीं तो आंदोलन तय, रेल मंत्री को ज्ञापन भेजा

जागरण टुडे, बरेली

ऑल इंडिया गार्ड्स काउंसिल (AIGC) इज़्जतनगर मंडल के बैनर तले ट्रेन मैनेजरों ने बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय पहुंचकर रेल मंत्री के नाम ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में ट्रेन मैनेजरों से जुड़े कई लम्बित मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।

AIGC को सौंपे गए ज्ञापन में कई प्रमुख मांगें हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि लाइन बॉक्स संचालन को पुनः शुरू किया जाए ताकि ट्रेन संचालन की सुचारुता और सुरक्षा बनी रहे। रनिंग अलाउंस को 25 प्रतिशत किया जाए ताकि वास्तविक ड्यूटी घंटों के अनुरूप उचित भत्ता मिल सके। लंबित MACP लाभ (Modified Assured Career Progression) को शीघ्र स्वीकृत किया जाए ताकि कर्मचारियों को उनका वैधानिक अधिकार प्राप्त हो सके। रिक्त पदों की भर्ती तत्काल की जाए जिससे स्टाफ की कमी के कारण उत्पन्न कार्यदबाव कम हो। हैंड ब्रेक कसने की जिम्मेदारी ट्रेन मैनेजरों से समाप्त की जाए। क्योंकि यह तकनीकी रूप से असुरक्षित और गैर-आवश्यक कार्य है।


इस अवसर पर मंडल सचिव दीपक कांत, मंडल अध्यक्ष केके विश्वकर्मा, कासगंज शाखा अध्यक्ष राकेश कुमार, संगठन सचिव देवेंद्र गंगवार, मंडल कोषाध्यक्ष आशीष सक्सेना, मंडल संरक्षक संजय त्यागी, ब्रांच अध्यक्ष दीपक कश्यप सहित बड़ी संख्या में संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभा में अन्य शाखाओं से ट्रेन मैनेजर जतीन सिंह (मुरादाबाद), डीएस राजपूत, शम्सुद्दीन, विकास पचौरी, सुभाष गंगवार, विवेक गुप्ता, सीपीए से एमए अंसारी और सेवानिवृत्त ट्रेन मैनेजर संजय नंदा भी शामिल हुए।

सभा का माहौल शांतिपूर्ण और अनुशासित रहा। सभी उपस्थित सदस्यों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की और कहा कि ट्रेन मैनेजर रेल संचालन की रीढ़ हैं, इसलिए उनके हितों की अनदेखी उचित नहीं। AIGC नेताओं ने उम्मीद जताई कि रेल प्रशासन उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम उठाएगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.