राजकीय शिशु सदन मथुरा में बाल विकास विभाग द्वारा संचालित “तरंग” पहल के अंतर्गत बाल दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश विकास कुमार और विशिष्ठ अतिथि सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुरेन्द्र प्रसाद, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट उत्सव गौरव राज, प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड गौरव सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीणा, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास कुमार और दोनों सदनों के अधीक्षक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बच्चों ने कार्यक्रम की शुरुआत देशभक्ति गीतों से की। मंच पर बच्चों की ओर से किए गए आकर्षक एवं साहसिक कलाबाजी प्रदर्शन ने उपस्थित अतिथियों को प्रभावित किया। मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश विकास कुमार ने बाल दिवस का महत्व बताया। बच्चों को बाल अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा एवं उनके समग्र विकास के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों की ऊर्जा, प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें जीवन में अनुशासन, दृढ़ता और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया।
अन्य अतिथियों ने भी बच्चों के अधिकार, सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य पर अपने विचार व्यक्त किए। “तरंग” पहल के तहत बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, खेलकूद प्रतियोगिताएँ और सहभागिता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। बच्चों को उपहार, प्रमाणपत्र एवं प्रोत्साहन सामग्री वितरित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री सुरेन्द्र प्रसाद ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता के साथ सामाजिक मूल्यों का विकास करते हैं। जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री विकास कुमार ने सभी अतिथियों, अधिकारियों और सहयोगी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “तरंग” पहल बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम का समापन गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।