दिनांक 17 नवंबर 2025 को विकास खंड समरेर के ग्राम मझारा में ग्रामीण क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक दिन दर्ज किया गया। मझारा गांव सहित आसपास के कई गांवों की वर्षों पुरानी बिजली समस्या को दूर करने के उद्देश्य से माध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा स्थापित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया गया।
इस महत्वपूर्ण परियोजना का शुभारंभ 117 दातागंज विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक एवं उत्तर प्रदेश विधान समिति के सभापति राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने अपने कर-कमलों से किया। उपकेंद्र के शुरू होने से न केवल मझारा गांव बल्कि पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति की स्थिति मजबूत होगी। कम वोल्टेज, बार-बार फॉल्ट, ट्रिपिंग और लंबे कट से होने वाली परेशानियों में बड़ी राहत मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। गांव के ग्राम प्रधान, स्थानीय प्रतिनिधि तथा वरिष्ठ नागरिकों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्रामीणों ने बताया कि नया उपकेंद्र स्थापित होने से कृषि कार्यों में तेजी आएगी, सिंचाई सुचारू होगी और घरेलू बिजली आपूर्ति भी बेहतर होगी। इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि सरकार ग्रामीण विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में क्षेत्र के हर गांव में बिजली से जुड़ी समस्याओं का पूर्ण समाधान किया जाएगा।
मझारा गांव के लोगों ने इस परियोजना को विकास की बड़ी उपलब्धि बताते हुए विधायक और ऊर्जा विभाग की सराहना की। उपकेंद्र के शुरू होते ही पूरे क्षेत्र में उत्साह और उम्मीद का माहौल देखने को मिला।
इस मौके पर ग्राम प्रधान आदित्य प्रताप ,रानू भैया ,विजेंदर पाल इत्यादि लोग मौजूद रहे |