सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती समारोह अभियान के तहत शहर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाली पदयात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अभियान के अंतर्गत बुधवार 19 नवंबर को होने वाले प्रमुख कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मुख्य आकर्षण होंगे। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित इस पदयात्रा का नेतृत्व प्रदेश के वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार करेंगे।
पदयात्रा का शुभारंभ सुबह शिवाजी चौक शील चौराहे से किया जाएगा। निर्धारित मार्ग के अनुसार यात्रा स्वयंवर बरातघर, झूलेलाल द्वार होते हुए शहीद पंकज स्मारक पहुंचेगी। यहां पर स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा स्व. पंकज की स्मृति में पुष्पांजलि भी अर्पित की जाएगी। इसके बाद पदयात्रा सूद धर्मकांटा मार्ग से आगे बढ़ते हुए त्रिवटी नाथ मंदिर वाली सड़क से होकर एमबी इंटर कॉलेज पहुंचेगी, जहां एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है।
जनसभा में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे और प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी जनता को देंगे। भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने बताया कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। पदयात्रा में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित यह अभियान युवाओं और नागरिकों को एकता, राष्ट्रनिर्माण तथा सामाजिक सद्भाव का संदेश देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। भाजपा संगठन ने यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न समितियां गठित की हैं, जो मार्ग व्यवस्थापन, सुरक्षा, स्वागत और जनसभा की तैयारियों में लगी हुई हैं।
भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने बताया कि डिप्टी सीएम का कार्यक्रम तय हो चुका है, और वह बुधवार दोपहर में बरेली पहुंचकर पदयात्रा और जनसभा दोनों में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।