बदायूँ जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में मतदेय स्थलों के सम्भाजन (रिडिस्ट्रिब्यूशन) से सम्बंधित महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया तथा सभी चरणों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार 29 अक्टूबर से 4 नवम्बर 2025 तक जिलेभर में मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निधारण और नए मतदान केन्द्रों की स्थापना हेतु उपयुक्त भवनों का चिन्हांकन किया गया। इसके बाद 6 व 7 नवम्बर को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विचार–विमर्श कर मतदेय स्थलों के प्रारंभिक प्रस्ताव तैयार किए गए।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 10 नवम्बर को मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन किया गया और इसी दिन मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को इसकी प्रति उपलब्ध कराई गई, जिससे वे अपने सुझाव एवं आपत्तियाँ दर्ज करा सकें। इसके उपरांत 18 नवम्बर को सांसद, विधायक तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ व्यापक विचार–विमर्श करते हुए प्राप्त सुझावों और शिकायतों का निस्तारण किया गया तथा सूची को अंतिम रूप प्रदान किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 19 से 21 नवम्बर के बीच संलग्नकों सहित मतदेय स्थलों के प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय को अनुमोदन हेतु भेजे जाएंगे। इसके बाद 24 नवम्बर को सीईओ कार्यालय द्वारा यह प्रस्ताव चुनाव आयोग को अंतिम स्वीकृति के लिए प्रेषित किए जाएंगे।
बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, सुगम और व्यवस्थित बनाने पर विशेष बल दिया गया। इस मौके पर संबंधित अधिकारी, जिला प्रशासन के प्रतिनिधि तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।