भारतीय स्टेट बैंक अनुसूचित जाति-जनजाति कर्मचारी कल्याण संघ लखनऊ मंडल के त्रिवार्षिक चुनाव की औपचारिक घोषणा 14 सितम्बर को रमाबाई अम्बेडकर भवन के निकट शहीद पार्क, लखनऊ में आयोजित बैठक में की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल उपाध्यक्ष अजय प्रताप सिंह ने की। बैठक में बायलॉज के अनुरूप शिव बाबू (पूर्व सहायक महाप्रबंधक) को मुख्य चुनाव अधिकारी, संतोष कुमार (पूर्व प्रबंधक) एवं रामाशंकर सोनकर (उप प्रबंधक) को सहायक चुनाव अधिकारी नामित किया गया।
सभी जिला कमेटियां 30 नवम्बर तक अपने-अपने क्षेत्रों में अंचल कमेटियों का गठन पूर्ण कर उनकी सूची मुख्य चुनाव अधिकारी को भेजेंगी, जबकि मंडल कार्यकारिणी का चुनाव 20 दिसम्बर को प्रातः 10 बजे से जीपीएस मेकैनाइज्ड स्कूल, श्यामला नगर, कानपुर में अंचलों के निर्वाचित प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न होगा।
संघ के नियमों के अनुसार सदस्यता शुल्क अद्यतन रखने वाला कोई भी सामान्य सदस्य जिला, अंचल या मंडल किसी भी स्तर पर चुनाव लड़ सकता है तथा पूरी प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और बायलॉज के अनुरूप आयोजित की जाएगी। उपाध्यक्ष अजय प्रताप सिंह ने सभी सदस्यों से चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी एवं अपने क्षेत्र की कमेटियों के गठन में सहयोग की अपील की।