मिनी बाइपास स्थित विपिन चौराहे पर बृहस्पतिवार रात बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। दूसरे समुदाय के युवक पर प्रेमिका के भाई को पीटने का आरोप लगा, जिसके बाद परिजनों और विहिप व हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने सड़क पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया। भीड़ ने एक बाइक तोड़ दी, जबकि पुलिस ने लाठियां फटकारकर स्थिति नियंत्रित की। देर रात पुलिस ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
पति को छोड़कर ट्रेनर संग रहने का आरोप
कर्मचारी नगर निवासी युवती की शादी छह वर्ष पहले किशनी, मैनपुरी में हुई थी। पति गुरुग्राम में नौकरी करते हैं। युवती कुछ महीने पहले विवाद के बाद मायके वापस आ गई और मिनी बाइपास स्थित एयू फिटनेस जिम में ट्रेनर के रूप में काम करने लगी।युवती के भाई का आरोप है कि जिम में ट्रेनर शोएब ने उसकी बहन को अपने प्रभाव में ले लिया। परिजनों ने एक बार उसे वापस पति के पास गुरुग्राम भेजा, लेकिन वह फिर लौट आई और अपना बेटा भी वहीं ससुराल में छोड़ आई।
जिम में मारपीट, फिर सड़क पर हंगामा
गुरुवार शाम युवती के भाई को पता चला कि उसकी बहन जिम में है। वह वहां पहुंचा और उसे साथ ले जाने लगा। इसी दौरान जिम ट्रेनर शोएब और जिम मालिक अभय उपाध्याय ने कथित रूप से अपने साथियों के साथ मिलकर युवक की पिटाई कर दी।मारपीट की सूचना पर विहिप और हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और परिवार के साथ सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। भीड़ ने एक बाइक भी तोड़ दी। पुलिस के जाम खुलवाने की कोशिशों का विरोध होने पर स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस ने बल लगाकर कराया मार्ग खाली
इज्जतनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह अतिरिक्त बल के साथ पहुंचे और हालात नियंत्रित किए। रात करीब साढ़े नौ बजे एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद पुलिस युवती और परिजनों को थाने ले गई।
गुमशुदगी की भी थी रिपोर्ट-परिजनों का कहना है कि युवती के बहनोई ने 5 नवंबर को गुरुग्राम के सेक्टर–65 थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी और वे लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
मामला दर्ज होने की तैयारी-इज्जतनगर पुलिस आरोपियों के खिलाफ मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।