जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद की कोतवाली गंजडुंडवारा क्षेत्र के खरपरा गांव में शनिवार को एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे सीओ पटियाली संदीप वर्मा व पुलिस बल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतरवाया तथा आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मृतका मोहिनी (20 वर्ष) एटा जनपद की कोतवाली जसरथपुर क्षेत्र के गांव नगला उम्मेद निवासी श्याम सिंह की बड़ी बेटी थी। परिजनों ने बताया कि मोहिनी का विवाह 8 जून 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से खरपरा गांव निवासी आदेश पुत्र अरविंद के साथ संपन्न हुआ था। परिवार का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही मोहिनी के पति आदेश, उसके माता-पिता और भाई-बहन दहेज में एक लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने मोहिनी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मृतका के चाचा अतर सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि दहेज मांग पूरी न करने पर मोहिनी के पति आदेश और उसके परिजनों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी तथा बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
उधर गंजडुंडवारा कोतवाली क्राइम निरीक्षक कल्याण सिंह ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष की ओर से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मामले में आवश्यक धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।