संविधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने ब्रजवासियों से विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत गणना प्रपत्र सजगता से भरकर जल्द से जल्द संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें वोट देने का अधिकार दिया है, वहीं प्रशासनिक कार्यों में सहयोग करना हर नागरिक का कर्तव्य भी है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 2130 बीएलओ अभियान में जुटे हैं। सभी पाँच तहसीलों के एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार पूरी निष्ठा से कार्य सुनिश्चित कर रहे हैं। प्रत्येक तहसील में दो ईआरओ तैनात किए गए हैं। मथुरा तहसील में हर 50 बूथ पर एक डिप्टी कलेक्टर की ड्यूटी लगाई गई है। जनपद स्तरीय अधिकारियों की भी जिम्मेदारियाँ तय की गई हैं।
इसके अलावा सभी तहसीलों में 100–100 कंप्यूटर ऑपरेटर डाटा फीडिंग और डिजिटाइजेशन का कार्य कर रहे हैं, जो 4 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। जिलाधिकारी ने विश्वास जताया कि एसआईआर का कार्य समय पर पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पारदर्शिता, सजगता और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारों के साथ कर्तव्य भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। जैसे वोट देना हमारा अधिकार है, वैसे ही गणना प्रपत्र में सही जानकारी देना आवश्यक है। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि वे तनावमुक्त होकर शांत, संयमित और व्यवस्थित तरीके से कार्य करें, जिससे सर्वे तेज और सटीक रूप से पूरा हो सके।