Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News: धोपेश्वर नाथ मंदिर में नवनिर्मित यात्री विश्रामगृह का लोकार्पण

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: November 28, 2025

Bareilly News: धोपेश्वर नाथ मंदिर में नवनिर्मित यात्री विश्रामगृह का लोकार्पण

जागरण टुडे, बरेली

ऐतिहासिक और आस्था से परिपूर्ण श्री धोपेश्वर नाथ मंदिर परिसर में बने नवनिर्मित श्री धोपेश्वर नाथ यात्री विश्रामगृह का भव्य लोकार्पण कैंट विधायक एवं प्रदेश सहकोषाध्यक्ष संजीक अग्रवाल तथा रक्षा मंत्रालय भारत सरकार की प्रधान निदेशक भावना सिंह ने संयुक्त रूप से किया। लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


समारोह में संबोधन करते हुए प्रधान निदेशक भावना सिंह ने कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और पर्यटन विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह विश्रामगृह न केवल यात्रियों को सुविधाजनक ठहराव प्रदान करेगा, बल्कि छावनी क्षेत्र में पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास से क्षेत्र की पहचान और अधिक सुदृढ़ होती है।

कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासतों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का आभार जताते हुए कहा कि बरेली नाथ नगरी के विकास को तीव्र गति मिली है। उन्होंने आश्वस्त किया कि नाथ नगरी के समग्र विकास और जनसेवा के सभी प्रोजेक्ट समय पर पूरे किए जाएंगे। विधायक ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की भावनाओं और आध्यात्मिक महत्व का प्रतीक है।

छावनी परिषद बरेली की मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन की कार्यशैली की भी विशेष सराहना की गई। विधायक और भावना सिंह ने कहा कि कम समय में दूरदर्शी सोच के साथ परियोजना को पूरा करना सराहनीय है। डॉ. तनु जैन ने बताया कि यह विश्रामगृह मात्र एक भवन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक भावना और जनसेवा के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि श्रद्धालुओं को सर्वोत्तम सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने पर्यटन विभाग के सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम में शिल्पा गोयल, डॉ. वैभव जायसवाल, अशोक गोयल, श्रीधर शुक्ला, सोनू कालरा, अमरीश कठेरिया, के.एल. गेरा, एन.डी. पांडेय, अनिल छोटे तथा मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.