उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने जिले में नई ऊर्जा और नेतृत्व स्थापित करते हुए जितेंद्र रस्तोगी को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। रविवार को आयोजित एक समारोह के दौरान संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जितेंद्र रस्तोगी का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर संगठन पदाधिकारियों ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में करोड़ों लोग आज भी स्वरोजगार पर निर्भर हैं, और अपनी मेहनत से प्रदेश के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ऐसे में व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं का समाधान जरूरी है।
प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता द्वारा जिलों की समीक्षा की जा रही है। बरेली जिले की समीक्षा के दौरान पाया गया कि यहां 30 से अधिक तहसील और टाउन एरिया इकाइयां सक्रिय हैं। संगठन को मजबूत दिशा देने के उद्देश्य से वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से ऊर्जावान, सक्रिय और अनुभवी व्यापारी नेता जितेंद्र रस्तोगी को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया। जिला प्रभारी गोपेश अग्रवाल और चेयरमैन विपिन गुप्ता पूर्ववत पदों पर बने रहेंगे।
प्रांतीय संयुक्त महामंत्री राजेश जसोरिया ने बताया कि जिले के बड़े आकार को देखते हुए प्रकाश आयलानी के साथ संदीप अग्रवाल मिंटू को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कोषाध्यक्ष का दायित्व राजीव अग्रवाल निभाएंगे। प्रांतीय उपाध्यक्ष संजीव चांदना ने कहा कि नई टीम के गठन के बाद संगठन फिर से अपने पुराने कलेवर में सक्रिय होगा और विभिन्न विभागों में बढ़ रहे भ्रष्टाचार तथा व्यापारी शोषण के खिलाफ बुलंद आवाज उठाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जीएसटी विभाग में व्यापारियों का शोषण बढ़ता जा रहा है, और अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इस मुद्दे पर व्यापार मंडल 12 दिसंबर को शासन से वार्ता करेगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज को अनावश्यक उत्पीड़न से बचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
संगठन जल्द ही एक बड़े जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन करेगा, जिसमें करीब 2000 पदाधिकारी शामिल होंगे और नए सदस्यों को दायित्व सौंपे जाएंगे। नव नियुक्त पदाधिकारियों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल एडवोकेट, जय नारायण गुप्ता, अर्जुन अग्रवाल, राकेश गुप्ता, विनोद रस्तोगी और राम किशोर शर्मा शामिल हैं। उपाध्यक्ष पद पर अमित गोयल, आलोक अग्रवाल, गणेश सावंत, अनिल सैनी, अनूप गोयल और दीपेंद्र वर्मा सर्राफ को जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने निवर्तमान जिलाध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल सर्राफ को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है। कार्यक्रम में महानगर चेयरमैन दर्शनलाल भाटिया, प्रदेश मंत्री अंजनी गुप्ता, गिरधारी देवनानी, श्याम मिठवानी, शिरीष गुप्ता, ईशान सक्सेना सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।