जनपद बरेली के अंतर्गत विधान सभा क्षेत्र 119 मीरगंज में निर्वाचन सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है। 30 नवंबर तक निर्धारित समय सीमा से काफी समय पहले ही 63 बूथों के बूथ लेबल अधिकारियों (बीएलओ) ने अपने-अपने क्षेत्रांं में पुनरीक्षण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय दिया है। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप् मतदाता सूची के सत्यापन, नई प्रविष्टियों, संशोधन एवं हटाए जाने योग्य प्रविष्टियांं की पहचान जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को बीएलओ ने अत्यंत गंभीरता , निष्ठा और ईमानदारी के साथ पूरा किया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए उपजिलाधिकारी मीरगंज आलोक कुमार के द्वारा सभी बीएलओ को उत्साहवर्धन एवं प्रेरणा स्वरूप् प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सम्मान समारोह के दौरान उपजिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की रीढ़ है, और इसे मजबूत व पारदर्शी बनाने में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी अधिकारियों के उज्ज्बल भविष्य की कामना करते हुए उनके कार्य की सराहना की।
इस अवसर पर तहसीलदार मीरगंज आशीष कुमार सिंह, नायव तहसीलदार अरविंद कुमार, राजस्व निरीक्षक नन्हें लाल, लेखपाल अनिल कुमार, वीआरसी गिरजा शंकर तथा संदीप कुमार सहित कई राजस्व एवं निर्वाचन से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने बीएलओ की समर्पित कार्यशैली की प्रशंसा की और भविष्य में भी इसी दक्षता व जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
निर्धारित समय सीमा से पूर्व 63 बूथों पर 100 प्रतिशत कार्य पूर्ण होना मीरगंज तहसील प्रशासन की सक्रियता, टीम वर्क, तथा सुचारू समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है। यह उपलब्धि न केवल निर्वाचन कार्य की गुणवत्ता मेंं वृद्धि करेगी, बल्कि क्षेत्र के मतदाताओं को भी एक अद्यतन और सटीक मतदाता सूची उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी।