जागरण टुडे,कासगंज।
कोतवाली गंजडुंडवारा क्षेत्र के कादरगंज रोड स्थित जेडएस पैलेस में बुधवार देर रात शादी समारोह में हुए भीषण हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। डीजे को लेकर शुरू हुआ मामूली सा विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए युवक ने शराब के नशे में कार चढ़ाकर तीन लोगों की जान ले ली। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम और आक्रोश का माहौल है।
नगला मंसा निवासी विकास पुत्र रामसनेही यादव की बारात जेडएस पैलेस में आई थी। देर रात डीजे पर बाराती और घराती महिलाओं के डांस के दौरान कौशल यादव पुत्र रामचंद्र निवासी नगला मलखान, थाना जैथरा (एटा) भी नाचने लगा। आरोप है कि दूल्हे के पिता ने उसे नाचने से मना किया, जिस पर कौशल ने शराब के नशे में दूल्हे के बहनोई के पिता से कहासुनी शुरू कर दी। बात बढ़ी तो दूल्हे के पिता ने उसे तमाचा जड़ दिया।
तमाचा लगने से बौखलाया कौशल गेस्ट हाउस के बाहर निकल गया और वहां खड़ी एक ईको कार स्टार्ट कर दी। कुछ लोग उसे शांत कराने पहुंचे, लेकिन अचानक उसने तेज रफ्तार में कार सड़क किनारे मौजूद बारातियों पर चढ़ा दी। देखते ही देखते समारोह चीख-पुकार से गूंज उठा और अफरा-तफरी मच गई।
कार की चपेट में आकर दूल्हे के ताऊ सुरेश चंद्र (48), चाचा गिरीश चंद्र (42) निवासी नगला मंसा तथा मौसा बृजेश (40) निवासी नगला सामंती, थाना उझानी (बदायूं) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल और फिर अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
गुरुवार देर रात सुरेश और गिरीश का अंतिम संस्कार नगला मंसा में किया गया, जबकि बृजेश का संस्कार बदायूं में संपन्न हुआ।
परिवारों में कोहराम मचा है—सुरेश चंद्र पत्नी सूरजमुखी और छह बच्चों को छोड़ गए। गिरीश पहले ही पत्नी को खो चुके थे; उनकी मौत के बाद दोनों बेटे अनाथ हो गए। बृजेश के पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं।
हादसे के बाद आरोपी कौशल यादव मौके से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी भोजराज अवस्थी ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिशें दी जा रही हैं।
शुक्रवार को पटियाली विधायक नादिरा सुल्तान, जिलाध्यक्ष विक्रम यादव और पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव नगला मंसा पहुंचे। उन्होंने मृतक परिवारों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया।
दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में गहरा शोक और रोष व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश जारी है।