बरेली में नकल माफिया पर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बारादरी पुलिस ने ग्राम विकास अधिकारी (VDO) परीक्षा में दूसरे को बैठाने वाले मुख्य आरोपी विपिन कुमार को लगभग दो साल बाद गिरफ्तार कर लिया। वर्ष 2023 में हुई इस परीक्षा में अभिलेखों में फर्जीवाड़ा कर बिहार निवासी एक युवक को विपिन की जगह परीक्षा दिलवाई गई थी, जिसके बाद से मुख्य आरोपी फरार चल रहा था।
26 जून 2023 को जय नारायण इंटर कॉलेज में आयोजित ग्राम विकास अधिकारी परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षण में पता चला कि अभ्यर्थी विपिन कुमार के स्थान पर रतन कुमार, निवासी वैशाली (बिहार), परीक्षा दे रहा है। इस अनियमितता की शिकायत कॉलेज के प्रधानाचार्य रामदेव ने बारादरी थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने मौके से रतन कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
जांच के दौरान मिले अभिलेखों और अन्य सबूतों से स्पष्ट हुआ कि दस्तावेजों में कूटरचना कर रतन कुमार को विपिन की पहचान पर परीक्षा में बैठाया गया था। मामला खुलने के बाद से ही मुख्य आरोपी विपिन कुमार लगातार फरार था। चौकी प्रभारी रुहेलखण्ड, उपनिरीक्षक मनीष कुमार भारद्वाज, लगातार आरोपी के ठिकानों की तस्दीक में लगे रहे। अंततः 8 दिसंबर को पुलिस ने उसे दबोच लिया।
एक लाख में हुआ था सौदा
गिरफ्तारी के बाद विपिन ने कबूल किया कि वह पढ़ाई में कमजोर था और परीक्षा पास करने का दबाव था। इसी दौरान उसकी व्हाट्सऐप पर बिहार निवासी रतन कुमार से बातचीत हुई। दोनों के बीच सौदा तय हुआ कि रतन उसकी जगह परीक्षा देगा। इसके लिए रतन ने इंटर की मार्कशीट सहित दस्तावेजों में हेराफेरी की और इसके बदले 1 लाख रुपये लिए। परीक्षा के दौरान रतन पकड़ा गया तो विपिन घबराकर घर छोड़कर फरार हो गया था।
गिरफ्तार आरोपी विपिन कुमार, पुत्र प्रवीन सिंह, निवासी शिव मंदिर, फतैहउल्लागंज, थाना ठाकुरद्वाजा, जिला मुरादाबाद का रहने वाला है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय, उपनिरीक्षक मनीष भारद्वाज और हेड कॉन्स्टेबल साबिर अली शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में रिमांड हेतु प्रस्तुत कर दिया है।