बदायूं–मुरादाबाद हाईवे पर रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जनपद बदायूं के थाना वजीरगंज क्षेत्र में कुनार ईंट भट्ठा के पास तेज गति से दौड़ता एक कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और जमकर हंगामा शुरू कर दिया। घटना के चलते हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
ग्रामीणों का आरोप है कि बदायूं की ओर से रामपुर जा रहे इस कंटेनर में मांस भरा हुआ था, जिसमें प्रतिबंधित पशुओं का मांस होने की आशंका है। कंटेनर पलटते ही उसमें लदे मांस के पैकेट बाहर बिखर गए, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी और जांच की मांग करते हुए सड़क पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर थाना वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने समझाइश देकर लोगों को शांत कराया और भीड़ को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने कंटेनर को अपने कब्जे में लेकर मांस की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर कंटेनर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों को भी सूचना दे दी गई है। मांस के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कंटेनर में किस प्रकार का मांस लदा हुआ था और क्या वह प्रतिबंधित श्रेणी में आता है या नहीं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हाईवे पर पहले भी संदिग्ध वाहनों की आवाजाही की शिकायतें सामने आती रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे वाहनों पर सख्त निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।