Tuesday, March 31, 2026

बरेली न्यूज: कड़ाके की ठंड के चलते 8वीं तक सभी स्कूल 20 तक बंद

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 17, 2025

बरेली न्यूज: कड़ाके की ठंड के चलते 8वीं तक सभी स्कूल 20 तक बंद

जागरण टुडे, बरेली

जिले में बीते तीन दिनों से जारी कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सर्द हवाओं और कम दृश्यता के कारण खासकर स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय ठंड का प्रकोप अधिक होने से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने कीआशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है।

यह भी पढ़ें: कंपकंपाती ठंड में स्कूल जाना मजबूरी, मासूमों पर भारी सिस्टम की बेरुखी

जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. विनीता ने जिले के सभी कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों को 20 दिसंबर तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं अशासकीय स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा।

बीएसए डॉ. विनीता ने बताया कि जिले में लगातार पड़ रही कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे के कारण छोटे बच्चों का स्कूल आना-जाना जोखिम भरा हो गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी द्वारा स्कूलों में अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए गए थे। डीएम के आदेशों का अनुपालन करते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में 20 दिसंबर तक अवकाश घोषित किया गया है।

यह भी पढ़ें: ठंड से छूटी कंपकपी: शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी में स्कूलों की टाइमिंग बदली

बीएसए ने स्पष्ट किया कि इस आदेश का सख्ती से पालन किया जाना अनिवार्य है। यदि इस अवधि में कोई भी विद्यालय खुला पाया जाता है, तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्कूल संचालकों को निर्देशित किया है कि वे बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन के आदेशों का पूर्ण पालन करें।

हालांकि, जिन विद्यालयों में पहले से निर्धारित परीक्षाएं चल रही हैं, वे यथावत संचालित की जा सकेंगी। परीक्षा संचालन के दौरान स्कूलों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि बच्चों को ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जाए।

जिला प्रशासन के इस निर्णय से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। उनका कहना है कि भीषण ठंड में छोटे बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल हो रहा था। वहीं, प्रशासन ने मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने की बात कही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी उचित निर्णय लिए जाएंगे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.