मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को लघु सभागार में मण्डल स्तरीय कर-करेत्तर एवं आईजीआरएस (जनसुनवाई) की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कर वसूली की धीमी प्रगति और आईजीआरएस में गिरती रैंकिंग पर आयुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान वाणिज्य कर में आगरा जनपद क्रमिक उपलब्धि के लक्ष्य से काफी पीछे पाया गया। गत वर्ष की तुलना में मैनपुरी की प्रगति भी संतोषजनक नहीं रही। आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी पैरामीटर्स पर वसूली बढ़ाने के लिए ठोस और प्रभावी प्रयास किए जाएं। आगरा में आरसी वसूली बेहद कम होने पर उन्होंने विशेष नाराजगी जताई और मथुरा में भी आरसी वसूली बढ़ाने के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जिलों में प्रवर्तन की कार्रवाई तेज करने को कहा गया।
स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन मद में भी आगरा लक्ष्य से पीछे रहा, जबकि फिरोजाबाद की प्रगति में सुधार के निर्देश दिए गए। आबकारी मद में वसूली की रफ्तार बढ़ाने, परिवहन मद में लक्ष्य से पीछे चल रहे आगरा और मथुरा में अधिक से अधिक आरसी वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत मद में फिरोजाबाद की प्रगति बढ़ाने तथा आगरा में सर्वाधिक आरसी बकाया होने पर अपर जिलाधिकारी के समन्वय से वसूली लक्ष्य हासिल करने को कहा गया। खनिज मद में फिरोजाबाद और मथुरा तथा विधिक माप विज्ञान में चारों जिलों की वसूली प्रगति सुधारने के निर्देश भी दिए गए।
इसके बाद आईजीआरएस की समीक्षा की गई। मण्डलीय प्रभारी/अपर आयुक्त द्वारा बताया गया कि आईजीआरएस रैंकिंग में मैनपुरी 6वें, फिरोजाबाद 22वें, मथुरा 27वें और आगरा 42वें स्थान पर है। मण्डल की रैंक इस माह गिरकर 15वें स्थान पर पहुंचने पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जनपदवार संतोषजनक फीडबैक प्रतिशत बढ़ाने और प्रत्येक शिकायत में शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से संपर्क कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारीवार असंतोषजनक फीडबैक की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने उप श्रमायुक्त, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण अधिकारी, अधीक्षण अभियंता सिंचाई, संयुक्त शिक्षा निदेशक, पर्यटन अधिकारी, मुख्य अभियंता पीडब्लूडी, उप निदेशक मंडी तथा अधिशासी अभियंता जलनिगम नगरीय सहित कई अधिकारियों पर नाराजगी जताई और तत्काल प्रभाव से शिकायतों के उचित निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में अपर आयुक्त न्यायिक कंचन शरण, अपर आयुक्त प्रशासन राजेश कुमार, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद व मैनपुरी के जिलाधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।