दिसंबर के पहले पखवाड़े में भले ही मौसम में ठंडक रही हो, लेकिन बरेली में आयोजित दो भव्य विवाह समारोहों की गर्माहट राजनीति से लेकर समाज के हर वर्ग तक महसूस की गई। झारखंड के राज्यपाल एवं वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष कुमार गंगवार के पुत्र अपूर्व गंगवार और संजना के विवाह आशीर्वाद समारोह में केवल प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर तक की हस्तियां पहुंचीं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, संघ प्रमुख मोहन भागवत भी समारोह में नवदंपति को आशीर्वाद देने पहुंचे। उधर, बरेली के मेयर उमेश गौतम के पुत्र पार्थ और जाह्नवी का विवाह भी खासा चर्चा में रहा। मेयर के यहां आयोजित शादी समारोह में महामंडलेश्वर, राजनेता, उद्यमी, डॉक्टर आदि शामिल हुए।
नवदंपति को आशीर्वाद देने पहुंचे मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री
10 और 11 दिसंबर को बरेली के आईबीआरआई परिसर में आयोजित विवाह समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित प्रदेश और देश के दिग्गज राजनेता, अधिकारी, उद्योगपति, चिकित्सक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संतोष कुमार गंगवार ने मेहमाननवाजी में यह साबित कर दिया कि मजबूत रिश्ते और आत्मीयता ही किसी आयोजन की सबसे बड़ी पूंजी होती है। विवाह समारोह में सजावट और उत्कृष्ट भोजन व्यवस्था की सभी अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री सहित कई प्रमुख हस्तियों ने नवदंपति अपूर्व और संजना को आशीर्वाद दिया और मंच पर फोटो भी खिंचवाए, जिन्हें सोशल मीडिया पर साझा किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश दौरे के कारण उपस्थित नहीं हो सके।
दिल्ली में आयोजित समारोह में ये हस्तियां रहीं मौजूद
इसके बाद 16 दिसंबर को नई दिल्ली के अशोका रोड स्थित स्थान पर आयोजित आशीर्वाद समारोह में देश के शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति ने आयोजन को और भी ऐतिहासिक बना दिया। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, संघ प्रमुख मोहन भागवत, शिव राज सिंह चौहान, अर्जुन राम मेघवाल, अनुराग ठाकुर, गिरिराज सिंह, गजेन्द्र शेखावत, संघ प्रमुख मोहन भागवत, आलोक, कर्मवीर, मुरली मनोहर जोशी, बीजेपी पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा, धर्मेंद्र प्रधान, कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश के बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मोहन लाल खट्टर, बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, उत्ताखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राम दास आठवले, रमेश पोखरियाल निशंक, डॉ हर्षवर्धन, सुधांशु त्रिवेदी सहित दिग्गज राज नेताओं, उद्यमियों, अधिकारियों, संसद के उच्चाधिकारियों के अलावा सपा सांसद नीरज मौर्य ने समारोह में पहुंचकर नवदंपति को स्नेहाशीष दिया। प्रधानमंत्री मोदी जी के विदेश दौरे के चलते वह नहीं आ सके। पूरी व्यवस्था की देखरेख श्रुति गंगवार, सुबोध सचान, पीके गुप्ता, विनोद गंगवार, ललित अवस्थी, अतुल शर्मा एवं उनके शुभचिंतकों ने की।
पार्थ गौतम और जाह्नवी के विवाह समारोह की रही खासी चर्चा
बरेली के महापौर उमेश गौतम के पुत्र पार्थ गौतम और जाह्नवी के विवाह समारोह भी शहर में चर्चा का केंद्र बने रहे। बरेली क्लब मैदान पर मंदिर की थीम पर सजाए विवाह पंडाल में हुए आशीर्वाद समारोह में महामंडलेश्वर केलाशानंद, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, राजनेता, उद्यमी, ब्यूरोक्रेट भी शामिल हुए। इनवर्टिस मैदान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बरेली क्लब मैदान में मंदिर थीम पर सजे पंडाल ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विवाह के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी महापौर के आवास पर आशीर्वाद देने पहुंचे।