भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी को ऐतिहासिक और जनसरोकार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला भाजपा की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में भाजपा ने स्पष्ट कर दिया कि अटल जनशताब्दी केवल औपचारिक श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि विचार, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का जन-आंदोलन होगी।
कार्यशाला में जिला भाजपा अध्यक्ष निर्भय पांडे ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सिर्फ एक नेता नहीं थे, वे भारतीय राजनीति की आत्मा थे। उन्होंने राजनीति को शुचिता, संवाद और सहमति की दिशा दी। आज जब राजनीति में मूल्यों की चर्चा होती है, तो अटल जी का व्यक्तित्व स्वतः प्रेरणा बनकर सामने आता है। भाजपा का यह अभियान अटल जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
निर्भय पांडे ने बताया कि 25 से 31 दिसंबर तक जिले की छाता, गोकुल और मांट—तीनों विधानसभाओं में ‘अटल स्मृति सम्मेलन’ आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक सम्मेलन में तीन वक्ता अटल जी के जीवन, उनके विचार, सुशासन की अवधारणा और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालेंगे। उन्होंने कहा कि ये सम्मेलन केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करने का आधार बनेंगे।
भाजपा ने अटल स्मृति वर्ष को जनभागीदारी से जोड़ने का भी निर्णय लिया है। 25 से 31 दिसंबर तक जिलेभर में सुशासन यात्राएं निकाली जाएंगी। प्रभात फेरियों के माध्यम से अटल जी के विचारों का संदेश घर-घर पहुंचाया जाएगा। रक्तदान शिविर, कवि सम्मेलन, चित्रकला प्रतियोगिता और प्रश्नोत्तरी जैसे कार्यक्रम मंडल और बूथ स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को अटल जी के राष्ट्रवाद, समावेशी विकास और सुशासन की सोच से जोड़ना है।
भाजपा ने 25 दिसंबर को विशेष रूप से अटल जी की स्मृति को समर्पित करने का फैसला लिया है। इस दिन जिले की प्रत्येक विधानसभा, हर मंडल कार्यालय और प्रत्येक बूथ पर अटल जी की प्रतिमा या चित्र के समक्ष दीपोत्सव मनाया जाएगा। इन कार्यक्रमों में सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आयोजन व्यापक और प्रभावशाली बन सके।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया, नमो एप और फेसबुक जैसे माध्यमों पर अनिवार्य रूप से किया जाए, जिससे अटल स्मृति अभियान की गूंज डिजिटल मंचों तक पहुंचे। कार्यशाला में जिला महामंत्री अनिल चौधरी, सत्यपाल चौधरी, कार्यक्रम संयोजक मनीषा पाराशर, सह-संयोजक अमन ठाकुर, सुरेश तरकर और रणवीर सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। संचालन मनीषा पाराशर ने किया।