Tuesday, March 31, 2026

हाईवे पर ट्रक की टक्कर से दो दोस्तों की मौत, एक जिंदगी से जूझ रहा

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 21, 2025

हाईवे पर ट्रक की टक्कर से दो दोस्तों की मौत, एक जिंदगी से जूझ रहा

जागरण टुडे, बरेली

बरेली–पीलीभीत हाईवे पर शनिवार रात दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। सिथरा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


जानकारी के मुताबिक, पीलीभीत जनपद के थाना जहानाबाद क्षेत्र के अजीतडांडी गांव निवासी प्रेमपाल (34), सुनील कुमार (17) और गोपाल बरेली में पुताई का काम करने के बाद एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े सात बजे जब वे सिथरा गांव के नजदीक हाईवे पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेमपाल और सुनील ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त बाइक चला रहे प्रेमपाल ने हेलमेट पहन रखा था, इसके बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे बरेली के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हाफिजगंज थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन की पहचान कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

इसी दिन एक और सड़क हादसे में मजदूरी कर लौट रहे एक व्यक्ति की जान चली गई। भमोरा थाना क्षेत्र के बरेली–बदायूं मार्ग पर नकटपुर गांव निवासी सूर्य प्रकाश (45) को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.