योगी सरकार की नीतियों से पर्यटकों की संख्या में आया रिकॉर्ड उछाल
कभी सीमित सुविधाओं और अव्यवस्थित यातायात के कारण जूझने वाला ब्रज क्षेत्र अब देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। योगी सरकार की प्रभावी पर्यटन नीतियों और मजबूत बुनियादी ढांचे का असर अब ज़मीन पर साफ दिखाई देने लगा है। कान्हा की नगरी मथुरा-वृंदावन सहित पूरा ब्रज आज आध्यात्मिक पर्यटन के नए युग में प्रवेश कर चुका है, जहां श्रद्धा के साथ सुविधा और सुरक्षा का भरोसा भी जुड़ गया है।
यह भी पढ़ें: डीडी यूपी पर दिखेगा ब्रज का रंग, दिखेंगी ब्रजरज उत्सव की नृत्य नाटिकाएं
आवागमन आसान, यात्रा बनी सुखद
योगी सरकार ने ब्रज को विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य बनाने के लिए सबसे पहले कनेक्टिविटी को प्राथमिकता दी। चौड़ी और बेहतर सड़कों, राष्ट्रीय राजमार्गों, यमुना एक्सप्रेस-वे तथा रेल नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण से अब मथुरा पहुँचना पहले से कहीं अधिक आसान हो गया है। दिल्ली, आगरा और लखनऊ से श्रद्धालु अब कम समय में, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा कर ब्रज धाम पहुँच रहे हैं।
आंकड़े बता रहे विकास की कहानी
पर्यटन विभाग के आंकड़े इस बदलाव की गवाही दे रहे हैं। वर्ष 2023 में ब्रज क्षेत्र में लगभग 7.79 करोड़ पर्यटक पहुंचे थे। वहीं 2024 में यह संख्या बढ़कर 9 करोड़ से अधिक हो गई। इसके बाद जनवरी से सितंबर 2025 के बीच ही 7.20 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु-पर्यटक ब्रज पहुँचे। ये आंकड़े बताते हैं कि सरकार की नीतियों और व्यवस्थाओं पर लोगों का भरोसा लगातार बढ़ा है।
ब्रज बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक केंद्र
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ब्रज की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है। उत्सवों का भव्य आयोजन, मंदिरों का विकास और सुविधाओं का विस्तार ब्रज को दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में अहम कदम हैं। बढ़ता पर्यटन स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है और रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहा है।
हर श्रद्धालु को बेहतर अनुभव
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात ने बताया कि हेल्प डेस्क, गाइड सेवाएं और डिजिटल सूचना केंद्र बढ़ाए गए हैं। अयोध्या-प्रयागराज-काशी की तर्ज पर ब्रज के पर्यटन विकास की योजना तैयार की गई है। एक्सपीरियंसल, ग्रामीण और एग्री-रूरल टूरिज्म को बढ़ावा देकर पर्यटकों के ठहराव को एक दिन से बढ़ाकर एक सप्ताह तक करने की रणनीति पर काम चल रहा है।
आर्थिक सशक्तिकरण की नई तस्वीर
पर्यटकों की बढ़ती संख्या से होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यवसायों को बड़ा लाभ मिला है। हजारों परिवारों की आय बढ़ी है और ब्रज क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिली है। ब्रज अब सिर्फ आस्था का नहीं, बल्कि विकास और समृद्धि का भी प्रतीक बनता जा रहा है।