उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की 52वीं वर्षगांठ बुधवार को धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन महानगर युवा इकाई ने श्यामगंज स्थित ट्रांसपोर्ट पर आयोजित किया। इसमें मुख्य अतिथि मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता रहे। मंडल की प्रत्येक जिला, तहसील व टाउन एरिया इकाइयों ने केक काटकर जश्न मनाया।
मंडल के महानगर युवा अध्यक्ष दिलीप गुप्ता ने कहा कि पं. श्याम बिहारी मिश्रा और लाला विशंभर दयाल अग्रवाल की ओर से लगाए गए इस विशाल वट वृक्ष की छांव में व्यापारी बहुत सुकून व आत्मविश्वास से व्यापार करते हैं। प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के ढाई करोड़ व्यापारियों के लिए आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज इस संगठन का विशाल स्वरूप समस्त व्यापार जगत को एक शक्ति प्रदान करता है। युवा महामंत्री ईशान गुप्ता ने कहा कि यह युवा पीढ़ी का सौभाग्य है कि उन्हें अनुभवी नेताओं से सीखने के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
इस अवसर पर प्रांतीय संयुक्त महामंत्री राजेश जसोरिया, दर्शन लाल भाटिया, जिलाध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी ने भी विचार रखे। मनमोहन सब्बरवाल, केशव गुप्ता,तरुण अग्रवाल, डॉ. वीरेंद्र गुप्ता, वीरेंद्र सडाना, शुभम शर्मा, पारस गुप्ता, हिमांशु आदि मौजूद रहे।