मंडलायुक्त ने उद्यमियों की समस्याओं पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को आयुक्त सभागार में मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक हुई। इसमें सभी विभागों के अधिकारियों को मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके और निवेश के अनुकूल माहौल तैयार हो। बैठक में विभिन्न औद्योगिक योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बीडीए वीसी डॉ. मनिकन्डन ए. ने नाथधाम एमएसएमई टाउनशिप योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के विकास के लिए अधिसूचना का प्रकाशन कराने के साथ ही औद्योगिक टाउनशिप की भूमि खरीद के लिए दर निर्धारण क्रय समिति का गठन कर लिया गया है और जनवरी के अंत तक भूमि क्रय की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। इससे छोटे और मध्यम उद्यमों को एक व्यवस्थित औद्योगिक क्षेत्र उपलब्ध होगा, जिससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
बैठक में औद्योगिक इकाइयों से जुड़ी अन्य प्रमुख समस्याओं पर भी चर्चा की गई। औद्योगिक इकाइयों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को लेकर एनएचएआई मुरादाबाद के परियोजना अधिकारी ने बताया कि फतेहगंज के पास ग्राम टूलिया में राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर दो ट्रक-ले बाय के निर्माण का कार्य लगभग 85 प्रतिशत पूरा हो चुका है और अगले 15 दिनों में इसे पूरा करा लिया जाएगा। रामा श्यामा पेपर मिल रोड (एनएच-30 से बहादुरपुर मार्ग) के निर्माण के संबंध में जिला पंचायत की अपर मुख्य अधिकारी डॉ. नीतू सिसौदिया ने बताया कि अनुरक्षण कार्य के लिए टेंडर की तकनीकी निविदा प्रक्रिया चल रही है, जिसे जल्द पूरा कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
औद्योगिक क्षेत्र परसाखेड़ा और सीबीगंज में विद्युत आपूर्ति को लेकर विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि परसाखेड़ा उपकेंद्र पर पर्याप्त स्टाफ की तैनाती कर दी गई है। ट्रिपिंग की समस्या के समाधान के लिए लाइन मेंटीनेंस व ट्री कटिंग का कार्य कराया गया है। संबंधित क्षेत्रों के लिए व्हाट्सएप ग्रुप पर क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल और उपकेंद्र स्टाफ के संपर्क नंबर साझा किए गए हैं। हर माह की छह और सात तारीख को मेगा कैंप भी लगाए जा रहे हैं। उद्यमियों ने हर मंगलवार को होने वाले शटडाउन से फैक्ट्रियों में उत्पादन प्रभावित होने की बात उठाई।
इस पर सहमति बनाते हुए शटडाउन के लिए रविवार का दिन तय किया गया। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, डीएफओ दीक्षा भंडारी, उपायुक्त उद्योग विकास यादव, उद्यमी अजय शुक्ला, गुरप्रीत सिंह, एसके सिंह, मयूर धीरवानी, आशुतोष शर्मा, रजत, आरिफ उपस्थित रहे।