Friday, January 30, 2026

Bareilly News : बरेली रेंज पुलिस ने बदमाशों पर कसी नकेल, 225 की खोली हिस्ट्रीशीट

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: January 2, 2026

Bareilly News : बरेली रेंज पुलिस ने बदमाशों पर कसी नकेल, 225 की खोली हिस्ट्रीशीट

 ओमकार गंगवार, मीरगंज(बरेली)

बरेली परिक्षेत्र में अपराधियों के लिए वर्ष 2025 मुश्किल भरा रहा। डीआईजी अजय कुमार साहनी के नेतृत्व में पुलिस ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर पूरे साल ताबड़तोड़ अभियान चलाए। इसका असर यह रहा कि बीते वर्षों के मुकाबले लगभग हर श्रेणी के अपराधों में कमी दर्ज की गई और संगठित और आदतन अपराधियों पर पुलिस का दबाव लगातार बना रहा। रेंज में अपराधियों की 225 नई हिस्ट्रीशीट खोली गई हैं।

अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बरेली रेंज में 225 नए हिस्ट्रीशीट खोली गईं। इनमें सबसे ज्यादा 128 हिस्ट्रीशीट बरेली में, जबकि बदायूं में 31, पीलीभीत में 30 और शाहजहांपुर में 36 हिस्ट्रीशीट खोली गईं। इसी के साथ ही पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पूरे रेंज में 1734 मुकदमे दर्ज किए। इस दौरान 1977 आरोपियों को गिरफ्तार कर 1937 अवैध हथियार और 2007 कारतूस बरामद किए गए। 


बरेली रेंज में 9 अवैध शस्त्र फैक्ट्रियों का भी भंडाफोड़ किया गया। अकेले बरेली जिले में 5 अवैध शस्त्र फैक्ट्रियां पकड़ी गईं। गैंगस्टर एक्ट के तहत 41 मामलों में 201 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। धारा 14 (1) के तहत 7.80 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति जब्त कर अपराध से कमाई गई अवैध पूंजी पर सीधा प्रहार किया गया।

नशे के खिलाफ अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। 425 मामलों में 760 तस्करों को गिरफ्तार कर 3527 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद किया गया। इसमें बरेली से करीब 2956 किलो, बदायूं से 213 किलो, शाहजहांपुर से 349 किलो और पीलीभीत से लगभग 9 किलो मादक पदार्थ बरामद हुआ। 

साल भर में पुलिस और बदमाशों के बीच 145 मुठभेड़ हुईं। इनमें 172 बदमाश घायल हुए, एक बदमाश मारा गया और 340 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। सबसे ज्यादा मुठभेड़ बरेली जिले में हुईं। पुलिस ने इनामी अपराधियों पर भी लगातार कार्रवाई की।बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में कुल 166 इनामी बदमाशों को चिन्हित किया गया, जिनमें से अधिकांश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

गुंडा एक्ट के तहत 763 बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई हुई। इनमें 172 को जिला बदर किया गया, जबकि 38 जिला बदर अपराधियों को पुलिस ने दोबारा पकड़ लिया। वर्ष 2025 में पुलिस ने करीब 84 हजार वांछित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें 51 हजार से ज्यादा को गिरफ्तार किया गया, जबकि 10 हजार से अधिक आरोपियों ने खुद अदालत में आत्मसमर्पण किया। पुलिस के मुताबिक वांछित अपराधियों पर कार्रवाई का आंकड़ा 99.98 प्रतिशत तक पहुंच गया।


मिशन शक्ति से अपराधियों में खौफ

महिला सुरक्षा को लेकर चलाए गए मिशन शक्ति अभियान में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। परिक्षेत्र में 28 हजार से ज्यादा शिकायतें मिलीं, जिनमें से लगभग सभी का निस्तारण कर दिया गया। महिला संबंधी मामलों में 3739 मुकदमे दर्ज कर 6627 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की सख्त कार्रवाई का नतीजा यह रहा कि अपराधियों में भय का माहौल बना और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में भी अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह सख्ती जारी रहेगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.