Thursday, April 2, 2026

लूट को छिनैती दिखाने वाले इंस्पेक्टर राजबली लाइन हाजिर

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: January 4, 2026

लूट को छिनैती दिखाने वाले इंस्पेक्टर राजबली लाइन हाजिर

यूपी-112 में तैनात इंस्पेक्टर सुरेन्द्र सिंह बने नए प्रेमनगर थाना प्रभारी

जागरण टुडे, बरेली

प्रेमनगर थाना क्षेत्र में महिला साइकोलॉजिस्ट के घर दिनदहाड़े हुई मोबाइल लूट की वारदात और दि डेन कैफे में बजरंग दल कार्यकर्ताओं की तरफ से की गई मारपीट के मामलों में सख्त कार्रवाई न करने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने इंस्पेक्टर प्रेमनगर राजबली सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। अब उनकी जगह यूपी-112 में तैनात इंस्पेक्टर सुरेन्द्र सिंह को थाना प्रभारी बनाया है।

राजेंद्रनगर स्थित आवास विकास कॉलोनी निवासी रेनू पीलीभीत में साइकोलॉजिस्ट हैं। वह 22 दिसंबर को अपने घर में अकेली थीं। दोपहर करीब 1 बजे ई-रिक्शा से आया युवक खुद को पीडब्ल्यूडी का मेंटीनेंस कर्मचारी बताकर घर में घुसा और मोबाइल लूटकर फरार हो गया। रेनू उसी दिन थाने पहुंची और तहरीर दी, लेकिन प्रेमनगर पुलिस ने मामला दर्ज करने में चार दिन तक टालमटोल की। इसके बाद भी लूट को छिनैती में दर्ज किया।

इस मामले की शिकायत पर सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने जांच की, जांच में एफआईआर में देरी, गलत धाराओं का इस्तेमाल और थाना स्तर पर बरती गई ढिलाई को गंभीर लापरवाही माना गया। सीओ की रिपोर्ट ने साफ कर दिया कि मामले को हल्का दिखाने की कोशिश की गई। इसके अलावा दि डेन कैफे में बजरंग दल कार्यकर्ताओं की तरफ से की गई मारपीट के मामलों में भी इंस्पेक्टर ने ढिलाई की। इसके बाद एसएसपी ने इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर कर दिया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.