बरेली जिले के थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे स्थित फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा जाने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें नाजुक हालत में बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवकों की पहचान दुष्यंत पुत्र रामपाल और सत्येंद्र पुत्र रामाशंकर के रूप में हुई है। दोनों युवक जनपद रामपुर के थाना मिलक क्षेत्र के ग्राम सियारी के निवासी बताए जा रहे हैं। वे मीरगंज से अपने घर लौट रहे थे।
बताया गया कि जैसे ही बाइक मीरगंज फ्लाईओवर के ऊपर पहुँची, अचानक असंतुलित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घिसटते चले गए, जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस के जरिए घायलों को प्राथमिक उपचार दिलवाया और हालत गंभीर देखते हुए बरेली रेफर कर दिया। वर्तमान में दोनों युवक बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जहाँ उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
इस संबंध में इंस्पेक्टर मीरगंज संजय तोमर ने बताया कि फ्लाईओवर पर बाइक डिवाइडर से टकराने की सूचना मिली थी, जिसमें दो युवक घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए बरेली भेजा गया है।