जागरण टुडे, मथुरा
गोवर्धन क्षेत्र के पूर्व विधायक श्याम सिंह अहेरिया ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित कालिदास मार्ग स्थित उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को आंग्ल नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र से जुड़े एक महत्वपूर्ण सामाजिक विषय को उनके संज्ञान में लाया।
भेंट के दौरान पूर्व विधायक श्याम सिंह अहेरिया ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बहेलिया एवं पासी समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र निर्गत न किए जाने का गंभीर मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 में इस संबंध में स्पष्ट शासनादेश जारी किया गया था, इसके बावजूद कई जिलों में प्रशासनिक लापरवाही और अधिकारियों की मनमानी के कारण पात्र व्यक्तियों को आज तक जाति प्रमाण पत्र नहीं मिल पा रहे हैं।
पूर्व विधायक ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र के अभाव में बहेलिया-पासी समाज के अनेक लोग सरकारी योजनाओं, आरक्षण लाभ, छात्रवृत्ति, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। इससे समाज में असंतोष और सामाजिक-आर्थिक पिछड़ापन बढ़ रहा है।
श्याम सिंह अहेरिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह किया कि शासनादेश के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं, ताकि पात्र लोगों को शीघ्र जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध हो सकें और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर पूर्व जिला महामंत्री संजय शर्मा ने भी मुख्यमंत्री से संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की और क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं की समस्याओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात के दौरान जिला मंत्री रवि अहेरिया तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष सुधांशु खंडेलवाल भी उपस्थित रहे। भेंट को सामाजिक न्याय और प्रशासनिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।