जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के अंतर्गत दावा-आपत्ति प्राप्ति, नोटिस वितरण एवं सुनवाई की कार्यवाही को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को तहसील सभागार मीरगंज में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 119-मीरगंज के अंतर्गत 444 मतदेय स्थलों पर तैनात बीएलओ, सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण का संचालन उपजिलाधिकारी मीरगंज एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी आलोक कुमार द्वारा किया गया।
एसडीएम आलोक कुमार ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित बीएलओ एप के माध्यम से की जा रही कार्यवाहियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बीएलओ एप के जरिए फार्म-6, 7 एवं 8 की फीडिंग, मतदाता सूची में फोटो, मकान नंबर सहित अन्य त्रुटियों के सुधार, ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों पर बीएलओ रिपोर्ट लगाने तथा नोटिस सुनवाई के दौरान नो-मैपिंग मतदाताओं के दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।
एसडीएम ने बताया कि सभी कार्यवाहियां बीएलओ स्तर पर निर्धारित समय सीमा में पूर्ण की जानी हैं। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को नोटिस सुनवाई के लिए स्थान आवंटित कर दिए गए हैं। उन्होंने सभी बीएलओ से अपने सुपरवाइजर एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्देशन में समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार मीरगंज आशीष कुमार सिंह, नायब तहसीलदार अरविंद कुमार, खंड शिक्षाधिकारी फतेहगंज पश्चिमी भानु शंकर गंगवार, राजस्व निरीक्षक नन्हें लाल, वीआरसी संदीप कुमार, सुपरवाइजर लोकेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, गिरंद सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।