थाना बहेड़ी पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़ के एक संगीन मामले का खुलासा करते हुए फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देश पर, क्षेत्राधिकारी बहेड़ी के निकट पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक थाना बहेड़ी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बिहारीपुर निवासी विरीती पत्नी जीवन लाल ने 23 जनवरी को थाना बहेड़ी में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने जबरन उनके घर में प्रवेश कर उनकी 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ छेड़छाड़ की। पीड़िता द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे परिवार भयभीत हो गया।
तहरीर के आधार पर थाना बहेड़ी में आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 24 जनवरी को पुलिस टीम ने देवीपुरा थाना बहेड़ी बाजार मोड़ के पास से आरोपी महेंद्र पुत्र गेंदन 54 वर्ष, निवासी ग्राम बिहारीपुर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए गलती होने की बात कही। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है और ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।