Thursday, April 2, 2026

बीडीओ से मिले प्रधान संगठन पदाधिकारी, बोले-एफआईआर वापस नहीं हुई तो होगा आंदोलन

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: January 24, 2026

बीडीओ से मिले प्रधान संगठन पदाधिकारी, बोले-एफआईआर वापस नहीं हुई तो होगा आंदोलन

भोजीपुरा इलाके में पानी निकासी को खोदे गए गड्ढे में गिरने से बालक की मौत का मामला

जागरण टुडे, बरेली

भोजीपुरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत रहापुरा करीम बख्श के मजरा मोहम्मदपुर ठाकुरान में डेढ़ वर्षीय बालक प्रयाग की नाले में गिरकर मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया। शनिवार को अखिल भारतीय प्रधान संगठन ने सीडीओ को ज्ञापन भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और प्रधान पति के खिलाफ लिखी गई एफआईआर खत्म कराने की मांग की है। एफआईआर वापस न होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।


दो दिन पहले गुरुवार 22 जनवरी को पानी निकासी के लिए बनाए गए खुले नाले में गिरने से डेढ़ वर्षीय बालक प्रयाग की मौत हो गई थी। हादसे के बाद बच्चे की मां कलावती ने ग्राम प्रधान शशि गंगवार के पति रामकिशोर और रोजगार सेवक जसवंत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। कलावती का आरोप है कि आवश्यकता न होने और मना करने के बावजूद नाला बना दिया गया। अखिल भारतीय प्रधान संगठन प्रधान पति राम किशोर के पक्ष में खुलकर सामने आ गया। शनिवार को संगठन के भोजीपुरा ब्लॉक अध्यक्ष कुलवंत समेत करीब एक दर्जन प्रधानों ने भोजीपुरा जाकर बीडीओ से उनके कार्यालय में मुलाकात की और उन्हें सीडीओ को संबोधित ज्ञापन सौंपा।


ज्ञापन में कहा गया है कि प्रधान पति रामकिशोर और जसवंत के खिलाफ लिखाई गई एफआईआर बेबुनियाद है। प्रधान संगठन का कहना है कि हर ग्राम पंचायत में जनहित के लिए सरकारी भूमि पर सीसी रोड, नाली और नाला निर्माण खुली बैठक में ग्रामवासियों की सहमति से कराया जाता है। ऐसे में प्रधान पति पर एफआईआर दर्ज कराना गलत है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि अगर एफआईआर वापस नहीं ली गई तो अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.