जनपद बरेली के मीरगंज तहसील क्षेत्र अंतर्गत गांव हुरहुरी में स्थित प्राचीन सिद्धपीठ शिव मंदिर में सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था का अद्भुत दृश्य उस समय देखने को मिला, जब यहां 24 घंटे का अखंड रामायण पाठ, वैदिक हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आसपास के गांवों से आए हजारों सनातनी श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।
हुरहुरी बाजार परिसर के समीप स्थित यह शिव मंदिर वर्षों से क्षेत्रवासियों की आस्था का केंद्र रहा है। आयोजकों द्वारा यहां विधिवत रामायण पाठ का शुभारंभ कराया गया, जो पूरे 24 घंटे तक चला। पाठ के समापन के पश्चात वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन एवं पूजन किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो उठा।
दोपहर के समय विशाल भंडारे का आयोजन प्रारंभ हुआ, जिसमें भाजपा के कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणों एवं दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में अनुशासन, सेवा-भाव और समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया और पूरा परिसर “जय श्रीराम” एवं “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।
इस धार्मिक आयोजन में भाजपा के क्षेत्रीय विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा, भाजपा नेता डॉ. विजय गंगवार, ममता गंगवार, जिला पंचायत सदस्य कार्तिक पटेल, कुंवर भानु प्रताप सिंह, तेजपाल सिंह फौजी, निरंजन यदुवंशी, अनिल गंगवार, पूर्व ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश दिवाकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भंडारे की सफलता में मनोज कुमार श्रीवास्तव, श्यामवीर गंगवार, ओमेंद्र गंगवार, महीपाल गंगवार, ओम प्रकाश, सुरेंद्र गंगवार, के.पी. मौर्य, ओमकार गंगवार, रामपाल चंद्रा, चौ. चमन सिंह, रामौतार आर्य, देवकी नंदन गंगवार, त्रिवेणी गंगवार, दिनेश गुप्ता सहित समस्त ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा, जो पूरे आयोजन में सेवा भाव से जुटे रहे।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और सेवा भावना को भी सशक्त रूप से प्रदर्शित करता नजर आया।