उत्तर प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार 30 जनवरी को बरेली जनपद के मीरगंज तहसील सभागार में स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों की स्मृति में शोक संवेदना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
शोक संवेदना कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें उपजिलाधिकारी आलोक कुमार की अगुवाई में तहसील के सभी जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों व राजस्व कर्मियों ने राष्ट्र के लिए अपने जीवन का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा और उनके अदम्य साहस, त्याग एवं राष्ट्रभक्ति को स्मरण किया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान देश की आजादी की नींव है। उनके संघर्ष और त्याग के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों के आदर्शों को आत्मसात करना और राष्ट्र सेवा की भावना को अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, नायब तहसीलदार अरविंद कुमार सहित राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
शोक सभा के समापन पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की कुर्बानी को याद करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।