रोमांचक सेमीफाइनल में जीएसटी इलेवन और ठेकेदार इलेवन अपने मैच हारकर बाहर
7वीं शकुंतला देवी मेमोरियल बरेली प्रीमियर टी-20 प्राइजमनी क्रिकेट लीग के शुक्रवार को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए एसआरएमएस और आईके नेक्स्ट जेन की टीमों ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा।
निशांत पटेल स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल शुक्रवार को एसआरएमएस और ठेकेदार इलेवन हरियाणा के बीच खेला गया। टॉस जीतकर ठेकेदार इलेवन ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी एसआरएमएस की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 18 ओवर में 5 विकेट पर 211 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। एसआरएमएस की ओर से स्टार बल्लेबाज यशु प्रधान ने 31 गेंदों में ताबड़तोड़ 67 रन बनाए, जबकि ओपनर शारून खान ने 84 रनों की शानदार पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ठेकेदार इलेवन की टीम ने जोरदार मुकाबला किया, लेकिन 17.2 ओवर में 195 रन पर सिमट गई। ठेकेदार इलेवन की ओर से रोहन भाटी ने 34 गेंदों में 81 रनों की विस्फोटक पारी खेली, लेकिन टीम को 15 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ एसआरएमएस ने फाइनल में जगह बना ली।
दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला आईके नेक्स्ट जेन और जीएसटी इलेवन के बीच खेला गया। टॉस जीतकर आईके ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन टीम 17.3 ओवर में 130 रन पर ही सिमट गई। जीएसटी इलेवन की ओर से सुनील डागर ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीएसटी इलेवन की टीम निर्धारित ओवरों में 126 रन ही बना सकी। आईके नेक्स्ट जेन ने आखिरी गेंद पर रोमांचक मुकाबला 4 रन से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
पत्रकार क्रिकेटर्स क्लब के अध्यक्ष सुनील सक्सेना और सचिव प्रशांत रायजादा ने बताया कि फाइनल मुकाबला शनिवार की सुबह 11 बजे निशांत पटेल स्पोर्ट्स स्टेडियम जीपी में खेला जाएगा, जबकि पुरस्कार वितरण समारोह शाम 4 बजे से आयोजित होगा। सेमीफाइनल मुकाबलों के दौरान गूंज एकता सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष जेएस पाटनी, प्रदेश सचिव मोहम्मद फरहान, डीपीएस की प्रधानाचार्या रितु अरोड़ा, केशलता इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या ममतेश माहेश्वरी, प्रशासनिक अधिकारी सुधांशु अग्रवाल, विमल मिश्रा, एलआईसी प्रबंधक (सेल्स) कौशल जोशी तथा प्रशासनिक अधिकारी प्रमोद गंगवार आदि लोग उपस्थित रहे।