ओमकार गंगवार,मीरगंज (बरेली)।
जनपद बरेली के मीरगंज तहसील क्षेत्र के गांव हुरहुरी में संचालित श्रीमती कमला देवी मैमोरियल इंटर कॉलेज में शनिवार को कक्षा 10 एवं इंटरमीडिएट में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं को फूल-मालाएं पहनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
विदाई समारोह का शुभारंभ पूर्वाह्न 11 बजे मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत कॉलेज प्रबंधक प्रेमपाल सिंह गंगवार ने सभी छात्र-छात्राओं को माल्यार्पण एवं पट्टिका पहनाई।
इस अवसर पर प्रबंधक प्रेमपाल सिंह गंगवार ने विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन, प्रश्नपत्र हल करने की सही रणनीति एवं नियमित अध्ययन के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। वहीं प्रधानाचार्य मो. असलम सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विदाई समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपने सहपाठियों एवं गुरूजनों के साथ भावुक क्षण साझा किए। इस दौरान कई विद्यार्थियों व शिक्षकों की आंखें आंसुओं से नम दिखाई दीं।
समारोह में उपप्रधानाचार्य टिंकू, लक्ष्मीकांत, प्रेमशंकर, अवधेश कुमार सहित कॉलेज का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।