मनरेगा से आगे बढ़ी ‘जी रामजी’ योजना, एसआईआर में भागीदारी और मतदाता बनने का किया आह्वान
भारतीय जनता पार्टी की युवा नेत्री एवं भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा, बरेली की मंडलीय अध्यक्ष श्रीमती भक्ति सिंह लोधी ने क्षेत्र के दर्जनभर गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया।
इस दौरान उन्होंने ग्राम अब्दुल्लागंज, दियोरिया, लभेड़ा दुर्गा प्रसाद, असद नगर, सिरोधी अंगदपुर, छोटी सिमरिया, करमपुर सहित अन्य गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
भ्रमण के दौरान श्रीमती भक्ति सिंह लोधी ने सरकार की महत्वाकांक्षी ‘जी रामजी’ योजना पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पहले मनरेगा के नाम से संचालित इस योजना में अब पहले से अधिक मजदूरों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के श्रमिकों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
इसके साथ ही उन्होंने एसआईआर (SIR) में बढ़-चढ़कर भाग लेने, मतदाता बनकर देश के सबसे बड़े लोकतंत्र में सहभागिता निभाने तथा संबंधित बीएलओ अधिकारियों को पूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया।
श्रीमती लोधी ने लोगों से अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा से अधिक से अधिक जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि समाज को संगठित होकर मुख्य धारा से जुड़ना आज की आवश्यकता है।
जनसंपर्क कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने सिमरिया दलेहरान, सिरोधी अंगदपुर एवं अब्दुल्लागंज में आयोजित विशाल भंडारों में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती भक्ति सिंह लोधी, हरद्वारीलाल वर्मा (समाजसेवी), भगवतसरन लोधी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय आकाशवाणी उद्घोषक/प्रस्तोता संघ), रोशन लाल वर्मा (पूर्व ग्राम प्रधान), नत्थू लाल मौर्य, बांकेलाल वर्मा, अजय पटेल, ख्यालीराम वर्मा, नौवत सिंह वर्मा, धर्मपाल वर्मा, लाल सिंह मौर्य सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी व ग्रामीण उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि श्रीमती भक्ति सिंह लोधी वर्तमान में अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा की मंडलीय अध्यक्ष (बरेली) के साथ-साथ भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व महामंत्री भी रह चुकी हैं।