बरेली जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव कुल्छा खुर्द निवासी एक युवक ने गांव के ही दो लोगों पर सार्वजनिक स्थान पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित युवक ने इस संबंध में स्थानीय थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित अंकित के अनुसार, रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह मीरगंज में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में मौजूद था। इसी दौरान गांव के ही रवि और भोला वहां पहुंचे और उसे घेरकर गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि दोनों ने अचानक लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिससे अंकित घायल हो गया।
घटना के दौरान बाजार में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह युवक को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। आरोप है कि जाते-जाते दोनों आरोपी शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
इस मामले में थाना प्रभारी संजय तोमर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।