आपसी सहमति से प्रेमी जोड़े का विवाह, गायत्री मंदिर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई शादी
जागरण टुडे,मीरगंज(बरेली)
जनपद बरेली के मीरगंज बिजली घर के समीप स्थित गायत्री मंदिर में रविवार को एक प्रेमी जोड़े ने पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह कर लिया। विवाह समारोह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव समसपुर का निवासी है, जबकि युवती हल्द्वानी की रहने वाली बताई जा रही है। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और आपसी सहमति से विवाह करने का निर्णय लिया।
विवाह की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और इस पावन अवसर के साक्षी बने। विवाह के दौरान किसी प्रकार की कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
शादी संपन्न होने के बाद दोनों पक्षों के परिजन भी मौके पर पहुंचे और नवविवाहित दंपती को आशीर्वाद दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल शांत, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित बना रहा।