Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News : रिश्तेदारी में जा रहा युवक संदिग्ध हालात में लापता, बाइक-जूता-जैकेट मिलने से गहराई अनहोनी की आशंका

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 3, 2026

Bareilly News : रिश्तेदारी में जा रहा युवक संदिग्ध हालात में लापता, बाइक-जूता-जैकेट मिलने से गहराई अनहोनी की आशंका

जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)

बरेली जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र में रिश्तेदारी में जा रहा एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। रास्ते में उसकी बाइक, जूता और जैकेट मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस व ग्रामीणों द्वारा लगातार तलाश की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुशरुकपुर निवासी अजय सोमवार रात सलामतगंज गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने के लिए जा रहे थे। वह सलामतगंज निवासी अपने रिश्तेदार हरिप्रसाद के घर जा रहे थे। देर रात नंदगांव और सलामतगंज के बीच स्थित एक बाग के पास से अजय अचानक लापता हो गए।

काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान बाग के पास सड़क किनारे अजय की बाइक खड़ी मिली। वहीं बाइक के पास ही उनका एक जूता और जैकेट पड़े मिले, जिससे किसी अनहोनी की आशंका और गहरा गई।

सूचना मिलने पर मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर घंटों आसपास के खेतों, बागों और रास्तों में सघन तलाश अभियान चलाया, लेकिन अजय का कोई पता नहीं चल सका।

ग्रामीणों के अनुसार, लापता होने से कुछ समय पहले अजय ने फोन पर परिजनों को बताया था कि कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया है। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।

सूत्रों के मुताबिक, अजय के बहनोई द्वारा पूर्व में उससे कुछ रुपये उधार लिए गए थे, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के दौरान अजय अपने बहनोई का ट्रैक्टर भी अपने साथ ले गया था। हालांकि पुलिस इस संबंध में फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से बच रही है और सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पुलिस ने युवक की गुमशुदगी दर्ज कर ली है और आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना भेज दी गई है। वहीं परिजन और ग्रामीण अपने स्तर से भी युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.