बरेली जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लभारी पुलिस चौकी के पास बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एलपीजी गैस सिलेंडरों से भरा एक कैंटर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसा। हादसे में कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार कैंटर चालक इमरान रजा उस्मानी, निवासी कस्बा मीरगंज, कैंटर लेकर मीरगंज से मिलक की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन लभारी चौकी के पास पहुंचा, अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टकरा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल चालक को एंबुलेंस की मदद से बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
राहत की बात यह रही कि कैंटर में लदे एलपीजी गैस सिलेंडर पूरी तरह सुरक्षित रहे, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।