नैनीताल हाईवे पर थाना भोजीपुरा इलाके में स्थितढाबे में अनैनित देह व्यापार चल रहा था। इसका पता लगने के बाद भोजीपुरा पुलिस ने छापा मारकर ढाबा संचालक सहित 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें तीन महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। मुख्य आरोपी ढाबा मालिक अभी फरार है।
पुलिस अधिकारियों को लगातार शिकायतें और गोपनीय सूचनाएं मिल रही थीं कि हाईवे किनारे स्थित इस ढाबे के कमरों का उपयोग अवैध गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद क्षेत्राधिकारी हाईवे शिवम आशुतोष सिंह के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने 6 फरवरी को ढाबे में छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं, तीन ग्राहकों और ढाबा संचालक कुंवरपाल यादव को आपत्तिजनक हालत में गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान पुलिस को नकदी, कई मोबाइल फोन, दो पहिया वाहन, कॉस्मेटिक सामग्री तथा बड़ी मात्रा में गर्भ निरोधक सामग्री बरामद हुई, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि ढाबे की आड़ में संगठित रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा था।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि ढाबे के कमरों का उपयोग इसी अवैध धंधे के लिए किया जाता था, और इसके बदले ग्राहकों से तय रकम वसूली जाती थी। पुलिस ने सभी के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक ढाबा मालिक गजेन्द्र सिंह, निवासी रामगंगा बिहार घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।