आजाद भारत में पहली बार 45 देशों के साथ रुपये में शुरू हुआ व्यापार
पूर्व मंत्री एवं एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह ने शनिवार को यहां सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्व में देश कंगाली के कगार पर था। उस दौरान प्रदेश में 125 से अधिक दंगे हुए थे। पूरा उत्तर प्रदेश तबाही के कगार पर खड़ा था। अब वही यूपी ''सरप्लस स्टेट'' के नाम से जाना जा रहा है। मौजूदा समय में प्रदेश की कृषि विकास दर 14 प्रतिशत और इंडस्ट्रियल ग्रोथ रेट 7.6 प्रतिशत है। यूपी अब देश में नंबर वन स्थान पर है।
लखनऊ और हरदोई के बीच बनेगा पीएम मित्र पार्क
डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 का एक बहुत बड़ा हिस्सा लगभग 2.80 लाख करोड़ रुपये उत्तर प्रदेश के खाते में आया है। यूपी को दो हाई-स्पीड ट्रेनें मिली हैं, और वाराणसी से हल्दिया तक वॉटर-वे का लाभ भी प्रदेश को मिल रहा है। नेशनल हाईवे में यूपी का बहुत बड़ा योगदान है। लघु, सूक्ष्म और मध्यम उद्योगों के लिए 10 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है। पीएम मित्र पार्क लखनऊ और हरदोई के बीच बनाया जाएगा। इसके लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। प्रत्येक जनपद के जिला अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर बनाया जाएगा, जिससे राज्य को अभूतपूर्व लाभ होगा।
यूपी में कनेक्टिविटी का जाल बिछा
उन्होंने कहा कि हमारी जीडीपी 2013 में जहां 113 लाख करोड़ थी, जो आज 4.56 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गई है। तुलनात्मक आंकड़े पेश करते हुए उन्होंने बताया कि 2013 में बिजली उत्पादन 2,29,476 मेगावाट था, जो अब बढ़कर 4,69,578 मेगावाट हो गया है। ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में देश 76 गीगावाट से बढ़कर 230 गीगावाट पर पहुंच गया है। यूपी में कनेक्टिविटी का जाल बिछा है, जिसमें 8 एक्सप्रेस-वे, 16 एयरपोर्ट और 42 मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हैं।
2047 तक विकसित भारत का सपना होगा साकार
डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि आज भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है, और 2047 तक विकसित भारत का सपना भी साकार होगा। आजाद भारत में पहली बार 45 देशों के साथ रुपये में व्यापार शुरू हुआ है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बहुत बड़ी सफलता है। अमेरिकी टैरिफ के उतार-चढ़ाव को लेकर छिड़ी वैश्विक बहस को डॉ. महेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी की बड़ी कामयाबी बताया। उन्होंने कहा कि जो टैरिफ अमेरिका ने बेतहाशा बढ़ाया था, उसे मोदी सरकार ने बातचीत के दम पर नीचे लाकर देश को बड़ी राहत दी है।
ये जनप्रतिनिधि और नेता रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, सांसद छत्रपाल गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, विधायक एमपी आर्या, विधायक डॉ राघवेंद्र शर्मा, एमएलसी बहोरनलाल मौर्य, बरेली जिलाध्य्क्ष सोमपाल शर्मा, आंवला जिलाध्य्क्ष आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्य्क्ष अधीर सक्सेना, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, पूरनलाल लोधी, महानगर मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी आदि उपस्थित रहे।