राजेंद्र प्रसाद डिग्री कॉलेज, मीरगंज, बरेली के परिसर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (फरवरी 2026) के अंतर्गत सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एस. के. सिंह के निर्देशन में सड़क सुरक्षा क्लब द्वारा किया गया।
सोमवार, 10 फरवरी 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम जनमानस को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा यातायात नियमों के पालन के महत्व को समझाना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत सड़क सुरक्षा शपथ के साथ हुई, जिसमें उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा कॉलेज परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में पोस्टर, बैनर लेकर “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा”, “हेलमेट पहनें, जीवन बचाएं”, “नियमों का पालन, सुरक्षित कल” जैसे नारों के माध्यम से आम लोगों को संदेश दिया। विद्यार्थियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करके न केवल अपने जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है, बल्कि समाज में एक जिम्मेदार और सशक्त नागरिक की भूमिका भी निभाई जा सकती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि तेज गति, हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग न करना तथा यातायात नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। यदि प्रत्येक नागरिक नियमों का ईमानदारी से पालन करे तो दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
इस अवसर पर सड़क सुरक्षा संयोजक डॉ. मोहम्मद आतिफ खान, बी. के. पद्मान, वीरेन्द्र शर्मा सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के समापन पर सड़क सुरक्षा के प्रति निरंतर जागरूकता बनाए रखने का आह्वान किया गया।