शहर के प्रेमनगर इलाके में हनी ट्रैप के जरिए लाखों रुपये की वसूली करने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। मामले में आरोपी महिला की गिरफ्तारी के बाद अब उसके भाई को भी पुलिस ने दबोच लिया है।
प्रेमनगर थाना पुलिस के मुताबिक सैनिक कॉलोनी इज्जतनगर निवासी उदित पांडेय को एमबी इंटर कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया गया। इससे पहले उसकी बहन पूजा शर्मा को जेल भेजा जा चुका है। दोनों पर आरोप है कि इंद्रानगर निवासी मनीष गंगवार को हनी ट्रैप में फंसाकर दुष्कर्म जैसे गंभीर मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई और मोटी रकम ऐंठी गई।
क्राइम इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि महिला ने पहले नजदीकियां बढ़ाईं और फिर भाई व अन्य साथियों के साथ मिलकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। कथित तौर पर आरोपियों ने पहले 10 लाख रुपये वसूले और समझौते का आश्वासन दिया। इसके बाद दोबारा 12 लाख रुपये की मांग कर दी गई। लगातार दबाव और धमकी से परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली।
जांच में सामने आया कि महिला का अपने पति से विवाद चल रहा था और वह अलग रह रही थी। आय का स्थायी स्रोत न होने के कारण उसने कथित तौर पर साजिश रची। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी भाई ने उगाही की योजना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने इस प्रकरण में कुल पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित पीड़ितों की भी जांच की जा रही है।