जनपद बदायूं में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ प्राथमिक संवर्ग द्वारा आयोजित कर्तव्य बोध दिवस एवं शैक्षिक संगोष्ठी कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करने वाले वरिष्ठ शिक्षक हिरदेश चंद्र माथुर को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला अध्यक्ष भाजपा राजीव गुप्ता एवं निवर्तमान अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बदायूं दीप माला गोयल ने हिरदेश चंद्र माथुर को प्रतीक चिन्ह एवं अंग वस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। अतिथियों ने उनके शैक्षिक योगदान, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने शिक्षक के कर्तव्यों, बदलते शैक्षिक परिवेश और नई शिक्षा नीति के प्रभाव पर विस्तार से विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की आधारशिला होते हैं और उनके समर्पण से ही राष्ट्र का भविष्य उज्ज्वल बनता है। कार्यक्रम के दौरान जनपद के कई अन्य शिक्षकों को भी उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को और सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।