माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जनपद बरेली में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष जिले में 130 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 92,135 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
हाईस्कूल 49,977 व इंटर में 42,158 परीक्षार्थी होंगे शामिल
जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि हाईस्कूल में 27,528 बालक और 22,449 बालिकाएं, यानी कुल 49,977 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जबकि इंटरमीडिएट में 23,654 बालक और 18,504 बालिकाएं, यानी कुल 42,158 बच्चे शामिल होंगी। इस प्रकार दोनों परीक्षाओं को मिलाकर कुल 92,135 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे।
7 जोनल, 17 सेक्टर और 129 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात
परीक्षा संचालन के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। जनपद में 7 जोनल मजिस्ट्रेट, 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 129 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 130 केंद्र व्यवस्थापक और सहयोग के लिए अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा की सतत निगरानी के लिए 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई
बरेली कॉलेज के प्रधानाचार्य राजीव कुमार शर्मा के अनुसर उनके यहां बोड परीरक्षा को लेकर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। सीटिंग प्लान, फर्नीचर, विद्युत व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित कर दिए गए हैं। शिक्षकों को शासन के सख्त निर्देशों से अवगत करा दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्येक परीक्षा कक्ष में लगेंगे दो-दो सीसीटीवी कैमरे
बरेली कॉलेज के के अनुसार प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो-दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि प्रश्नपत्रों के सुरक्षित भंडारण के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम में तीन कैमरे स्थापित किए गए हैं, जिनमें एक बाहर और दो अंदर होंग। पूरा परिसर सीसीटीवी और वॉयस रिकॉर्डिंग सिस्टम से लैस है।
हर केंद्र पर मुस्तैद रहेगा पुलिस बल
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि चार फरवरी को केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसके बाद 14 फरवरी को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सभी संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित कर दिया गया है तथा सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।