थाना क्षेत्र मूसाझाग में एक आढ़ती ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए धान चोरी करने आए तीन युवकों को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, आरोप है कि पुलिस ने अब तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की है, जिससे व्यापारियों में नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार गांव मचलई निवासी संजीव गुप्ता गुलड़िया भट्टे के पास ‘शिव ट्रेडर्स’ के नाम से आढ़त चलाते हैं। उनकी आढ़त पर किसानों से खरीदे गए धान के कट्टे रखे थे। आढ़ती का आरोप है कि इससे पहले भी दो अलग-अलग घटनाओं में करीब 40 कट्टे चोरी हो चुके हैं। इस संबंध में पूर्व में तहरीर भी दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इसे भी पढ़ें - तिगुलापुर में दिनदहाड़े 5 लाख की चोरी, किसान का घर टूटा
सोमवार देर रात करीब एक बजे तीन युवक टेंपो लेकर आढ़त पर पहुंचे और धान के कट्टे लादने लगे। कुत्ते के भौंकने से चौकीदार की नींद खुल गई। उसने तुरंत आढ़ती को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही संजीव गुप्ता अपने भाइयों के साथ कार से मौके पर पहुंचे। उन्हें देख आरोपी टेंपो लेकर दातागंज की ओर भाग निकले।
आढ़ती ने हिम्मत दिखाते हुए कार से उनका पीछा किया और दातागंज-विनावर संपर्क मार्ग पर गांव नई सड़क के पास टेंपो को ओवरटेक कर रोक लिया। वहां से तीनों आरोपियों को दो धान के कट्टों समेत पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपियों और टेंपो को थाने ले गई।
इसे भी पढ़ें - तिगुलापुर में किसान के घर 5 लाख चोरी में अज्ञात पर मुकद्दमा दर्ज
संजीव गुप्ता का कहना है कि चार दिन पहले हुई चोरी की सीसीटीवी फुटेज से मिलान करने पर पकड़े गए युवक उसी घटना में भी नजर आए। उनका आरोप है कि करीब 20 दिन पहले भी दी गई तहरीर पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते चोरों के हौसले बुलंद रहे।
इसे भी पढ़ें - मूसाझाग में आढ़त से 40 कट्टे धान चोरी, CCTV में कैद हुए चोर
इस संबंध में थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। घटना के बाद व्यापारियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता देखी जा रही है।