Tuesday, March 31, 2026

बरसाना-नंदगांव में सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, 7 जोन, 18 सेक्टर बनाए

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 19, 2026

बरसाना-नंदगांव में सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, 7 जोन, 18 सेक्टर बनाए

जागरण टुडे, मथुरा

बरसाना की लड्डू और लठामार होली को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन, बरसाना में अपर पुलिस महानिदेशक श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पांडेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।


बैठक में 24 फरवरी को बरसाना में लड्डू होली, 25 फरवरी को बरसाना में लठामार होली और 26 फरवरी को नंदगांव में लठामार होली की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि बरसाना को सात जोन और 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 56 पार्किंग स्थल और 94 बैरियर बनाए जा रहे हैं। 13 स्थानों पर स्वास्थ्य केंद्र स्थापित होंगे और पांच दोपहिया एंबुलेंस तैनात रहेंगी। पांच वॉच टावर और पांच स्थानों पर अग्निशमन व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ ने निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए और अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि सफाई, स्वास्थ्य और विद्युत कर्मियों को यूनिक ड्रेस जारी की जाए ताकि उनकी पहचान आसान हो। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजने के निर्देश दिए गए। निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को भी कहा गया। उन्होंने पुलिस को निर्देशित किया कि मेला क्षेत्र में 1090, 1930, 112 और कंट्रोल रूम नंबर वाले बैनर-पोस्टर लगाए जाएं। एंटी रोमियो स्क्वाड की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए।

मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने जर्जर भवन हटाने, सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने और केमिकलयुक्त नकली रंगों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। ई-रिक्शा का चिन्हीकरण कर उन्हें निर्धारित रूट पर चलाने को कहा गया। सभी पार्किंग स्थलों पर प्रकाश, पेयजल, शौचालय, रैंप और साइनबोर्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बरसाना और नंदगांव में प्रमुख मार्गों, गलियों और चौकों की पेंटिंग, लाइटिंग और सजावट उत्कृष्ट रखने को कहा। रंगोत्सव-2026 के तहत बरसाना में पांच और नंदगांव में चार प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। जिले में कुल 23 द्वार और 12 सेल्फी प्वाइंट स्थापित होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव प्रसारण और आकर्षक सजावट की व्यवस्था समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग को अभियान चलाकर होटल-रेस्टोरेंट से सैंपल लेने और मिलावटी खाद्य पदार्थ नष्ट कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी दुकानदार या संचालक का उत्पीड़न न हो। मेला क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त रखने और भंडारा स्थलों पर सफाई कर्मियों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पार्किंग स्थलों पर दिशा सूचक चिन्ह लगाने और रोडवेज बसों का संचालन एकल मार्ग से कराने को कहा। सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम से पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी। खोया-पाया केंद्र और कंट्रोल रूम सक्रिय रहेंगे।

स्वास्थ्य विभाग को बरसाना और नंदगांव के आसपास के अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखने तथा एंबुलेंस और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डीएफओ वेंकट श्रीकर पटेल, एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, एसपी यातायात मनोज कुमार, एसडीएम गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी और सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा धीरेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.