Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News: बरेली में नकाबपोश बदमाशों का कहर: घर में लूट, विरोध करने पर गृहस्वामी की गोली मारकर हत्या

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 21, 2026

Bareilly News: बरेली में नकाबपोश बदमाशों का कहर: घर में लूट, विरोध करने पर गृहस्वामी की गोली मारकर हत्या

जागरण टुडे, बरेली 

बरेली के थाना सुभाष नगर क्षेत्र के प्रगति नगर में शनिवार तड़के एक दर्दनाक वारदात सामने आई, जहां नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर लूटपाट की और विरोध करने पर गृहस्वामी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, प्रगति नगर में रहने वाले 40 वर्षीय जोगेंद्र सिंह मूल रूप से थाना आंवला क्षेत्र के गांव तिगरा खानपुर के निवासी थे। करीब छह महीने पहले उन्होंने बरेली के प्रगति नगर में मकान बनाकर परिवार के साथ रहना शुरू किया था। वह ठेले पर सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी अनीता देवी और चार बच्चे हैं।


बताया जा रहा है कि शुक्रवार को जोगेंद्र सिंह के साले धर्मेंद्र, जो पुलिस विभाग में सिपाही हैं, बरेली आए थे। उन्होंने मकान निर्माण से जुड़े खर्च के लिए जोगेंद्र को 70 हजार रुपये दिए थे, ताकि वह ठेकेदार को भुगतान करते रहें। इसके बाद धर्मेंद्र वापस चले गए। परिजनों के मुताबिक, इन पैसों की जानकारी मकान निर्माण में लगे मजदूरों और ठेकेदार को थी।

बीती रात करीब एक बजे दो से तीन नकाबपोश बदमाश धर्मेंद्र के बन रहे मकान के रास्ते से जोगेंद्र सिंह के घर में घुस गए। उस समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। बदमाशों ने घर में घुसते ही हथियारों के बल पर नकदी और कीमती सामान लूटना शुरू कर दिया। इसी दौरान जोगेंद्र सिंह की नींद खुल गई और उन्होंने बदमाशों का विरोध किया।


विरोध से बौखलाए बदमाशों में से एक ने जोगेंद्र सिंह को गोली मार दी। गोली लगने से जोगेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान उनकी पत्नी अनीता देवी और बच्चे चीखते-चिल्लाते रह गए, लेकिन आसपास मकान कम होने के कारण कोई मदद के लिए नहीं पहुंच सका।

लूटपाट के बाद बदमाश धर्मेंद्र के दिए 70 हजार रुपये, जोगेंद्र के पास रखे 35 हजार रुपये और घर में मौजूद जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।


मामले को लेकर एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि 21 फरवरी की रात करीब एक बजे सुभाष नगर के प्रगति नगर से एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस, सीओ और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर थाना सुभाष नगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।


No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.